बंदूक के बल पर कब्जा नहीं करने देंगे
रांची: डीजीपी गौरी शंकर रथ ने कहा कि जगुआर झारखंड पुलिस की शान है। राज्य के लोगों को भयमुक्त रखने में जगुआर ने अहम भूमिका निभाई है। खुद की कुर्बानी दे जवानों ने अपना लोहा मनवाया है। रथ रविवार को टेण्डर में आयोजित जगुआर के चौथे स्थापना दिवस पर बोल रहे थे। उन्होंने राज्य के लोगों को आश्वस्त किया कि बंदूक के बल पर किसी को झारखंड में कब्जा नहीं करने दिया जायेगा। आधारभूत संरचना की कमी के बावजूद चार वर्षो में जगुआर के जवानों ने जो कीर्तिमान हासिल किए हैं, इसमें इकाई के सभी सदस्यों का योगदान महत्वपूर्ण है। उग्रवादी घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि सूझबूझ की कमी के कारण हमसे चूक हुई और आघात पहुंचा। इससे घबराने की आवश्यकता नहीं है। हम इन गलतियों से सीख लेंगे और लक्ष्य निर्धारण के लिए मुकाबला करते रहेंगे। पुलिस महानिरीक्षक नीरज सिन्हा ने जगुआर की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। मंच संचालन डीएसपी राजेन्द्र चौधरी व धन्यवाद ज्ञापन प्रशिक्षक देव बिहारी शर्मा ने किया। मौके पर अत्याधुनिक हथियारों की प्रदर्शनी का लोगों ने मुआयना किया। मौके पर कांके विधायक रामचंद्र बैठा, पुलिस अधीक्षक (अभियान) नवीन कुमार सिन्हा, रांची एसएसपी साकेत कुमार सिंह, एडीएस केएस मीणा, सिटी एसपी रंजीत कुमार प्रसाद, पुलिस निरीक्षक अमरनाथ, अरविन्द कुमार, सनोज कुमार सनोज कुमार समेत कई लोग उपस्थित थे।
Courtesy: Dainik Jagran 20.02.2012