बम निरोधक दस्ते ने नष्ट किया 5500 डेटोनेटर
जामताड़ा: कोर्ट से मंजूरी मिलनेके बाद चार अप्रैल, 2011 को टाईगर मोबाइल द्वारा बरामद 5500 डेटोनेटर को अजय नदी के सतसाल घाट पर नष्ट कर दिया गया। थाना प्रभारी विनय राम की देखरेख में झारखंड जगुआर बम निरोधक दस्ता संख्या चार के जवानों ने तीन बार में सभी डेटोनेटर को ब्लास्ट कर खत्म कर दिया। बम निरोधक दस्ते का नेतृत्व सब इंस्पेक्टर राजेश कुमार कर रहे थे। मौके पर उपस्थित जांच अधिकारी एएसआइ साधन प्रसाद ने बताया कि चार अप्रैल, 2011 की देर रात स्टेशन के बाहर हाथ में बैग लेकर जा रहे तीन लोगों को जवानों ने शक होने पर रुकने के लिए कहा। पुलिस पर नजर पड़ते ही तीनों बैग छोड़कर भाग निकले। बाद में बैग खोलने पर पता चला कि बैग में डेटोनेटर है। इस मामले का अनुसंधान चल रहा है। अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। थाना कांड संख्या 83/11 में तीन गुमनाम लोगों के खिलाफ मामला दर्ज है। रांची से आए बम निरोधक दस्ते ने डेटोनेटर को इस तरह नष्ट किया कि न तो आवाज हुई और न ही कोई नुकसान हुआ। मौके पर एएसआई सुकांत त्रिपाठी सहित अन्य अधिकारी व जवान उपस्थित थे।
Courtesy: Dainik Jagran 16.02.2012