दुमका (11/07/2016): नक्सली छोटा बिमल दुमका से साथियों के साथ गिरफ्तार
झारखंड के दुमका जिले से हार्डकोर नक्सली छोटा बिमल उर्फ बिमल हेम्ब्रम सहित तीन नक्सलियों को पुलिस ने पकड़ा है। गिरफ्तार नक्सलियों में एरिया कमांडर छोटा बिमल के साथ दिवान सिंह उर्फ मिस्त्री हेम्ब्रम और उसकी पत्नी शांति दी शामिल है। पाकुड़ एसपी अमरजीत बलिहार की हत्या के साथ ही लोकसभा चुनाव के समय लैंड माइंस विस्फोट सहित 9 नक्सली वारदातों में छोटा बिमल वांटेड था।
दुमका के एसपी प्रभात कुमार ने मंगलवार को पत्रकार सम्मेलन कर नक्सलियों की गिरफ्तारी की जानकारी देते हुए बताया कि एसपी बलिहार के काफिला पर हमला के दौरान छोटा बिमल वॉकी-टॉकी सेट के साथ मौजूद था। वह इस कांड के योजनाकारों में एक था। मौके से वह वॉकी-टॉकी से पल-पल की रिपोर्ट नक्सली दस्ता को दे रहा था। एसपी ने बताया कि छोटा बिमल उर्फ बिमल हेम्ब्रम की गिरफ्तारी शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र के धर्मपुर से हुई। वह अपना घर आया था।
गुप्त सूचना के आधार पर अपर पुलिस अधीक्षक अभियान एमानुएल बास्की के नेतृत्व में एक छापेमारी दल गठन कर एरिया कमांडर को गिरफ्तार कर लिया। एरिया कमांडर की निशानदेही पर भाकपा माओवादी संगठन के दो सक्रिय सदस्य दिवान सिंह उर्फ मिस्त्री हेम्ब्रम एवं उनकी पत्नी शांति दी को घर बांकीजोर से गिरफ्तार कर लिया गया। एसपी ने बताया कि नक्सलियों के पास से कोई हथियार बरामद नहीं हुआ है। एरिया कमांडर छोटा बिमल पर काठीकुंड, गोपीकांदर, शिकारीपाड़ा, काठीकुंड, गोपीकांदर सहित कई थानों में 9 कांड दर्ज है।
Courtesy: http://www.livehindustan.com/news/jharkhand/article1-dumka-three-nuxali-arrest-with-chota-bimal-544393.html



