लोहरदगा (18/07/2016): कुशल जैन अपहरणकांड में मास्टर माइंड सहित चार गिरफ्तार
लोहरदगा: आईआईएम रांची के छात्र और व्यवसायी प्रमोद जैन के पुत्र कुशल जैन के अपहरण मामले में लोहरदगा पुलिस ने मास्टर माइंड विनोद उरांव सहित चार को गिरफ्तार किया है। कुशल का अपहरण पिछले 22 फरवरी को हुआ था। इस कांड का मास्टर माइंड विनोद और बबलू उरांव भंडरा थाना क्षेत्र के कसपुर गांव के रहनेवाले हैं। वहीं अनिल मिंज और सहाबीर उरांव उर्फ काका सेन्हा के रहनेवाले हैं।
पुलिस ने विनोद उरांव को शस्त्र के तहत जेल भेज दिया, जबकि बबलू, अनिल और सहाबीर को गोंदा पुलिस रांची ले गई है। रविवार को पत्रकार वार्ता में लोहरदगा एसपी ने बताया कि 22 फरवरी को छह अपराधियों ने कुशल जैन को बहाने से धुर्वा डैम बुलाया और रिंग रोड की ओर से लोहरदगा ले गए। अपराधियों ने कुशल को भंडरा थाने के कसपुर पहाड़ की गुफा में रखा था। जब पुलिस का दबाव बढ़ने लगा तो अपराधियों ने कुशल को लोहरदगा रेलवे स्टेशन के पास छोड़ दिया।
ऐसे हुई गिरफ्तारी - इस मामले में जब पुलिस ने 25 फरवरी को मास्टर माइंड विनोद उरांव के कसपुर पहाड़ टोली स्थित घर में छापेमारी की, तो वहां से एक पिस्तौल बरामद किया गया था। वहीं विनोद भागने में सफल रहा था। इसी बीच पुलिस को सूचना मिली थी कि विनोद लोहरदगा में छिपा हुआ है। उसके बाद भंडरा थाना प्रभारी पुलिस अवर निरीक्षक जय प्रकाश के नेतृत्व में टीम गठित कर छापेमारी की और विनोद उरांव को गिरफ्तार कर लिया गया। उससे कई अहम सूचनाएं मिली हैं। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने तीन अन्य अपराधियों को भी गिरफ्तार कर लिया।
Courtesy: http://www.bhaskar.com/news/JHA-RAN-HMU-four-person-arrested-in-abduction-case-news-hindi-5375134-PHO.html



