बोकारो (22/08/2016): लुगू पहाड़ पर नक्सलियों का बंकर ध्वस्त, भारी मात्र में मिले विस्फोटक
बोकारो : एसपी वाईएस रमेश को मिली सूचना के बाद पुलिस ने सोमवार की दोपहर बेरमो अनुमंडल स्थित लुगू पहाड़ पर नक्सलियों के एक बड़े बंकर को ध्वस्त कर भारी मात्र में विस्फोटक, गोलियां एवं नक्सली साहित्य बरामद किया। एसपी को बताया गया था कि नक्सली उस विस्फोटक से किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में हैं। यदि पुलिस ने तुरंत कारगर कार्रवाई नहीं की तो नक्सली अपने नापाक मंसूबे में कामयाब हो सकते हैं।
एसपी ने तुरंत वहां दबिश देने के लिए पुलिस टीम बनाई। एएसपी अभियान संजय कुमार की अगुआई में बनी टीम में कई पुलिस अफसर शामिल थे। टीम ने भारी बारिश के बीच लुगू पहाड़ पर दबिश दी। वहां भारी पत्थरों के नीचे नक्सलियों ने विस्फोटक सहित अन्य सामान छिपा रखा था। टीम ने प्रेशर कुकर बम, केन बम, डेटोनेटर, गोलियां, कोडेक्स वायर, नक्सली साहित्य एवं पोस्टर-बैनर बरामद किया।
बता दें कि बीते कुछ दिनों से नक्सलियों की चहलकदमी की सूचना पर पुलिस लगातार अभियान चला रही है। पुलिस को इस अभियान में कई बड़ी कामयाबी मिली। झुमरा, ऊपरघाट एवं लुगू समेत अन्य क्षेत्रों में पुलिस का अभियान लगातार चल रहा है।
नक्सलियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली। लुगू पहाड़ पर उग्रवादियों का एक बंकर ध्वस्त करते हुए भारी मात्र में विस्फोटक समेत अन्य सामान बरामद किया गया। नक्सलियों के खिलाफ अभियान चलता रहेगा। - वाईएस रमेश, एसपी, बोकारो।
Courtesy: http://epaper.jagran.com/ePaperArticle/23-aug-2016-edition-Bokaro-page_1-10353-4424-181.html



