खूंटी (22/07/2018): कोचांग गैंगरेप के मास्टर माइंड जॉन जुनास तिडू और बलराम समद गिरफ्तार
खूंटी: कोचांग गैंगरेप के मास्टर माइंड, सांसद के घर से हाउस गार्ड के अपहरण एवं पत्थलगड़ी के नाम पर ग्रामीणों को दिग्भ्रमित करने वाले जॉन जुनास तिडू एवं बलराम समद को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। जॉन जुनास को जमशेदपुर के पोटका थाना क्षेत्र के बस स्टैंड हाता चौक से तथा बलराम समद को खूंटी जिले के मुरहू थाना क्षेत्र के जीवन टोला के पास से गिरफ्तार किया गया है। दोनों अभियुक्त महाराष्ट्र जाने के लिए चक्रधरपुर रेलवे स्टेशन जाने की तैयारी में थे। इसी क्रम में दोनों गिरफ्तार कर लिए गए। दोनों अभियुक्त खूंटी के अड़की थाना क्षेत्र के कुरूंगा गांव के रहने वाले हैं। यह जानकारी आईजी नवीन सिंह ने रविवार को प्रेस कांफ्रेंस आयोजित दी।
आईजी नवीन सिंह ने बताया कि उनके निर्देश पर रांची डीआईजी एवं कोल्हान डीआईजी ने कोचांग गैंग रेप एवं जवान अपहरण कांड में शामिल आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एसआईटी का गठन किया गया था। पुलिस लगातार छापेमारी कर रही थी। इसी दबाव में आकर जॉन जुनास एवं बलराम समद राज्य से बाहर भागने के फिराक में थे। इसी क्रम में खूंटी एवं जमशेदपुर एसपी को गुप्त सूचना मिली। इसके आधार पर खूंटी एवं जमशेदपुर से दोनों की गिरफतारी हुई। आईजी ने बताया कि दोनों अभियुक्तों के खिलाफ खूंटी एवं मुरहू थाने में 20 मामले दर्ज हैं। इनमे जॉन के खिलाफ 12 एवं बलराम के खिलाफ 8 मामले शामिल हैं।
आईजी नवीन सिंह ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि उन्होंने खूंटी जिले के विभिन्न गांवों में संविधान की गलत व्याख्या कर आम जनता को बहला-फुसलाकर पत्थलगड़ी कराने में अहम भूमिका अदा किया है। साथ ही कोचांग गैंगरेप में पीएलएफआई के एरिया कमांडर बाजी समद उर्फ टकला एवं जुनास मुंडू से मुलाकात कर घटना को अंजाम दिलाने के लिए उकसाया तथा सहयोग की बात स्वीकार की। साथ ही यह भी कहा था कि नाटक मंडली के लोग प्रशासन को हमारे बारे में सूचना दे सकते हैं। इसलिए इनकी बेइज्जती करना जरूरी है। आईजी नवीन सिंह ने बताया कि जब गिरफ्तार अभियुक्तों से पत्थलगड़ी के विकृत स्वरूप के संबंध में पूछताछ की गई तो बताया कि कृष्णा हांसदा तथा गुजरात में सतपति कल्ट के संम्प्रदाय के लोगों की विचारधारा से प्रभावित होकर ऐसा कार्य कर रहे थे। इन लोगों ने गुजरात के तापी जिला स्थित एसी भारत सरकार कुटुंब परिवार कटासवान जाने की भी बात स्वीकार की है। आईजी ने बताया कि पूछताछ में यह भी बताया है कि गुजरात एवं अन्य प्रदेशो में किन लोगों से प्रभावित हुए हैं। उन्होंने बताया कि इसकी छानबीन करने के लिए विभिन्न राज्यों में टीम भेजी गई है।
आईजी नवीन कुमार सिंह ने बताया कि कोचांग गैंग रेप तथा चार पुलिस जवानों के अपहरण के पश्चात हमारा यह प्रयास रहा है कि हम पत्थलगड़ी के विकृत रूप की समस्या का स्थायी निदान निकालें। इससे संबंधित कार्रवाई की समीक्षा एवं आगे की रणनीति बनाने के लिए रविवार को खूंटी में सभी वरीय पदाधिकारियों के साथ बैठक की। आईजी ने खूंटी जिले की आम जनता से अपील की है कि जो भी दिग्भ्रमित हो गए है, वे मुख्य धारा में लौट आएं तथा सामान्य रूप से जीवन यापन करें। हमें आम जनता से कोई मतलब नहीं है, किसी को डरने की जरूरत नहीं है। आईजी ने कहा कि ग्रामीण सरकार द्वारा चलाए जा रहे सभी योजनाओं का लाभ उठाएं।
Courtesy: https://www.bhaskar.com/jharkhand/ranchi/news/khunti-gangrepe-case-two-arrested-including-master-mind-john-junas-tidu-5921983.html