पलामू (05/10/2018): दो लाख रुपए का इनामी नक्सली एरिया कमांडर धमेन्द्र यादव गिरफ्तार, एक देशी पिस्तौल व दो जिंदा गोली बरामद
पलामू: पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर पड़वा बाजार क्षेत्र से दो लाख रुपए के इनामी नक्सली एरिया कमांडर को गिरफ्तार किया है। पड़वा थाना पुलिस व सीआरपीएफ 134 बटालियन की संयुक्त टीम ने शुक्रवार की रात साढ़े नौ बजे छापेमारी कर जेजेएमपी के एरिया कमांडर धमेन्द्र यादव को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस ने इसके पास से एक देशी पिस्तौल व दो जिंदा गोली बरामद किया है। इसकी जानकारी पलामू एसपी इंद्रजीत महथा ने प्रेस वार्ता कर पत्रकारों को दी।
महथा ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि झारखंड जनमुक्ति मोर्चा (जेजेएमपी) का एरिया कमांडर धमेन्द्र यादव पड़वा बाजार क्षेत्र में हथियार के साथ देखा गया है। वह लेवी व अन्य अपराधिक घटना को अंजाम देने के फिराक में है। पलामू एसपी ने एडिशनल एसपी अभियान व सीआरपीएफ 134 बटालियन के नेतृत्व में टीम का गठन कर पड़वा बाजार क्षेत्र में नाकाबंदी कर छापेमारी की। इस दौरान एरिया कमांडर धमेन्द्र यादव भागने लगा। जिसे पलामू पुलिस ने वन विभाग के चेकनाका के पास गिरफ्तार कर लिया।
एसपी ने बताया कि वर्तमान में इसका एरिया भंडरिया गढवा का बोर्डर एरिया है। वर्ष 2010 में माओवादी संगठन एमसीसी को छोड़कर जेजेएमपी उग्रवादी संगठन में शामिल हुआ। गृह विभाग के द्वारा इस पर दो लाख रुपया का इनाम घोषित किया गया था। पुलिस इसे बाद में रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी। उन्होंने बताया कि भंडरिया थाना के सपही पुल पर ठेकेदार उपेन्द्र सिंह खरवार के साथ मारपीट सहित पलामू व गढवा में कई नक्सली घटना में अपनी संलिप्ता स्वीकार किया है। छापेमारी टीम में पलामू पुलिस व सीआरपीएफ 134 बटालियन के अधिकारी सहित जवान शामिल थे।
Courtesy: https://www.bhaskar.com/jharkhand/ranchi/news/naxalite-area-commander-arrested-in-palamu-0842232.html